सहरसा में चार युवकों ने किया कीटनाशक का सेवन, दो की मौत, दो की हालत गंभीर

सहरसा। जिले के कनरिया थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां चार युवकों ने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। इस घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें इलाज के लिए खगड़िया जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों और घायलों की पहचान बेलवारा पंचायत, फहरेबा मुसहरी, वार्ड नंबर-4 निवासी
राजा कुमार (20), सन्नीदेवल कुमार (18), मुरारी कुमार (18) और सनोज कुमार (18) के रूप में हुई है।

नाच-गाने से करते थे जीविकोपार्जन

स्थानीय लोगों के अनुसार, चारों युवक शादी-विवाह व अन्य समारोहों में नृत्य कर अपनी आजीविका चलाते थे। शुक्रवार रात भी वे एक कार्यक्रम से लौटे थे। ग्रामीण सूत्रों का कहना है कि शनिवार को कुछ लोगों द्वारा उन्हें नाचने को लेकर चिढ़ाए जाने से वे मानसिक रूप से आहत हो गए, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने बताया कि दोपहर में कनरिया थाना अध्यक्ष को सूचना मिली कि चार युवक जहरीला पदार्थ सेवन करने से गंभीर रूप से बीमार हैं। सूचना मिलते ही एफएसएल टीम, एसडीपीओ और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि युवकों ने कीटनाशक (इंसेक्टिसाइड) का सेवन किया था। घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन ने मामले को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button