
गौरैला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में 10 फरवरी से अरपा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 300 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। इसके साथ ही जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।
हितग्राहियों को मिलेगा लाभ
महोत्सव के अवसर पर पात्र हितग्राहियों को सामग्री वितरण एवं सहायता राशि के चेक प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा जिले की 51 टीबी मुक्त पंचायतों, 71 बाल विवाह मुक्त पंचायतों तथा गौरैला-पेंड्रा के दो नगरीय निकायों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण
अरपा महोत्सव के दौरान स्थानीय एवं आमंत्रित कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की लोकसंस्कृति और परंपराओं को मंच मिलेगा।
प्रशासन ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।




