
जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। मंगलवार, 18 नवंबर को तहसील सारंगढ़ के ग्राम जसपुर और बड़े गुंतली में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान ये वाहन साधारण रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए। विभागीय अमले ने तीनों ट्रैक्टरों को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए थाना सारंगढ़ के सुपुर्द कर दिया।
बिना वैध ई-टीपी रेत परिवहन पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर के निर्देश पर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। खनिज विभाग के अनुसार, बिना वैध इलेक्ट्रॉनिक परिवहन अनुज्ञा (ई-टीपी) के खनिज परिवहन करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति और वाहन के विरुद्ध प्रचलित खनिज नियमों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
तीन रेत घाटों के संचालन को मिली अनुमति
जिले में रेत की उपलब्धता व्यवस्थित करने के लिए प्रतिलोम नीलामी के माध्यम से सात नवीन रेत घाटों की निविदा प्रक्रिया पूरी की गई है। इनमें ग्राम दहिदा और जसपुर (तहसील सारंगढ़) तथा ग्राम बरगांव (तहसील सरिया) के तीन रेत घाटों के संचालन की आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अनुमति प्रदान की गई है।
इन स्वीकृत घाटों से शासन के खनिज वेब पोर्टल के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक परिवहन अनुज्ञा (ई-टीपी) जारी की जाएगी।
पीएम आवास हितग्राहियों को मिलेगी निःशुल्क रेत परिवहन सुविधा
प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए रेत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन ने ‘ई-रेत संगवारी’ मोबाइल ऐप के माध्यम से रेत परिवहन में छूट की सुविधा दी है। हितग्राही ऐप से प्रमाण पत्र प्राप्त कर रेत के निःशुल्क परिवहन का लाभ ले सकते हैं।
इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला पंचायत में पदस्थ सहायक नोडल अधिकारी दिलीप साहू के मोबाइल नंबर 7000032637 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खनिजों का परिवहन वैध ई-टीपी के माध्यम से ही करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

