अंडर-19 वर्ल्ड कप भारत के नाम, बीसीसीआई ने घोषित किया 7.5 करोड़ का इनाम

नई दिल्ली। भारत ने शुक्रवार को इंग्लैंड को हराकर अंडर-19 मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने विजेता टीम के लिए बड़ा ऐलान किया है। बोर्ड ने खिलाड़ियों, टेक्निकल स्टाफ और चयन समिति को मिलाकर कुल 7.5 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।


BCCI सचिव ने दी जानकारी

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम को यह इनामी राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और सिलेक्शन कमिटी के बीच राशि के बंटवारे की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है, लेकिन कुल पुरस्कार राशि 7.5 करोड़ रुपये होगी।


फाइनल में भारत का शानदार प्रदर्शन

हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने ऐतिहासिक पारी खेलते हुए मात्र 80 गेंदों में 175 रन बनाए। उनकी इस विस्फोटक पारी में 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे।
कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी अहम योगदान देते हुए 51 गेंदों पर 53 रन जोड़े।


इंग्लैंड की पारी 311 रन पर सिमटी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम दबाव में नजर आई और पूरी टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड के लिए कैलेब फाल्कनर ने 115 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 7 छक्के शामिल थे। वहीं बेन डॉकिन्स ने 66 रन बनाए, लेकिन उनकी कोशिशें टीम को हार से नहीं बचा सकीं।


युवा खिलाड़ियों ने फिर बढ़ाया भारत का मान

इस जीत के साथ भारत ने एक बार फिर जूनियर क्रिकेट में अपनी बादशाहत साबित की है। टीम के प्रदर्शन और खिलाड़ियों की परिपक्वता ने भविष्य के लिए भारतीय क्रिकेट को मजबूत संकेत दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button