IPL फाइनल पर ऑनलाइन सट्टे का बड़ा भंडाफोड़: रायगढ़ पुलिस ने 31.99 लाख रुपये नकद किए जब्त, 2 गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आईपीएल फाइनल मुकाबले GT Vs RCB पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए साइबर थाना और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक नोट गिनने की मशीन जब्त की गई है।

मुखबिर की सूचना पर हुई छापेमारी

पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में आईपीएल फाइनल मैच पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर एक साथ कई स्थानों पर दबिश दी गई।

दो सटोरियों को मौके से पकड़ा

रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गंज बाजार क्षेत्र से गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल उर्फ कालू को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि कई स्थानीय लोगों से नकद रकम लेकर सट्टा खिलाया जा रहा था।

सट्टा सिंडिकेट से जुड़े 3 और आरोपी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा सिंडिकेट संचालित करने की जानकारी दी। जांच में यह भी सामने आया कि साहिल अग्रवाल सट्टे से प्राप्त रकम को अपने व्यवसाय में खपाकर उससे लाभ अर्जित करता था।

मोबाइल से मिले तकनीकी साक्ष्य

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक वनप्लस नॉर्ड और एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन जब्त किया है। जांच में इन मोबाइलों से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से संबंधित आईडी और अन्य तकनीकी साक्ष्य प्राप्त हुए हैं।

31.99 लाख रुपये नकद बरामद

आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गोपाल राइस मिल कॉलोनी में साहिल अग्रवाल के निवास पहुंची। पुलिस को देखते ही साहिल अग्रवाल मौके से फरार हो गया और दो बैग तथा नोट गिनने की मशीन छोड़ गया।

तलाशी के दौरान दोनों बैगों से 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों सहित कुल 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए गए। इतनी बड़ी राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

संगठित अपराध की धाराओं में केस दर्ज

प्रारंभिक जांच में संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किए जाने की पुष्टि होने पर सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

फरार आरोपी साहिल अग्रवाल, रिकेश राय और अर्जुन राठौर की तलाश जारी है।

गगन अग्रवाल पर पहले भी हुई थी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गगन अग्रवाल का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। इसी वर्ष मार्च महीने में थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टे के एक मामले में उसके खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सट्टा कारोबार से जुड़े प्रत्येक आरोपी के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल, पुलिस पूरे सट्टा नेटवर्क की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

Back to top button