
कोरबा। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष और बलिदान की कहानियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज और शासन दोनों की जिम्मेदारी है। भगवान बिरसा मुंडा सहित अनेक जनजातीय नायकों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया। इन महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को शिक्षा, रोजगार और राष्ट्र निर्माण में आगे आना चाहिए। यह बात उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने सोमवार को कोरबा में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में कही।

प्रदेश में मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े के तहत आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने की। समारोह में विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, राज्य हथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और समाज प्रमुख शामिल हुए। जनजातीय नर्तक दलों ने पारंपरिक नृत्य और ढोल-मांदर के साथ अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन स्थल पर जनजातीय कला और परंपराओं से जुड़े स्टॉल भी लगाए गए।
बिरसा मुंडा का जीवन स्वाभिमान और संघर्ष की प्रेरणा
अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को जनजातीय समाज धरती आबा के रूप में सम्मान देता है। उन्होंने कम उम्र में ही अंग्रेजी शासन के शोषण और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाई। उनका संघर्ष आज भी समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा की प्रेरणा देता है। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंद सिंह नायक जैसे जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी गाथाएं नई पीढ़ी तक पहुंचनी चाहिए।
उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की प्रतिनिधि का पहुंचना समाज की नेतृत्व क्षमता और बढ़ती भागीदारी का उदाहरण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल से जनजातीय नायकों के योगदान को व्यापक पहचान मिली है।
जनजातीय बहुल इलाकों तक पहुंच रहीं विकास योजनाएं
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के जरिए विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों सहित जरूरतमंद परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से शिक्षा, रोजगार, खेल और उद्यम के अवसरों का लाभ लेने की अपील की।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का जिक्र करते हुए साव ने कहा कि हिंसा के कारण कई इलाकों में स्कूल, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं का विकास प्रभावित हुआ। अब इन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जनजातीय समाज से अपनी भाषा, संस्कृति, परंपराओं और पूजा-पद्धति को सहेजने के साथ सामाजिक एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।
जल, जंगल और जमीन की रक्षा में बिरसा मुंडा का योगदान याद किया
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनकी जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाना समाज के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि कोरबा के पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड में एक चौक का नाम भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर रखा गया है। उन्होंने जनजातीय महापुरुषों की विरासत को आगे बढ़ाने की जरूरत बताई।

शहीद परिवारों, विद्यार्थियों और कलाकारों का सम्मान
समारोह में शहीद परिवारों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। जनजातीय समाज के प्रमुखों, प्रतिभावान विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को भी सम्मान प्रदान किया गया। विभिन्न नर्तक दलों ने पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किए। अतिथियों ने जनजातीय कला और संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान अरुण साव और लखनलाल देवांगन कलाकारों के साथ मांदर की थाप पर थिरकते भी नजर आए।

इस अवसर पर प्रभारी कलेक्टर प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाज प्रमुख और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

