रायपुर, 12 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आगामी 17 मार्च 2026 को राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले विधानसभा घेराव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अहम आदेश जारी किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विधानसभा वार कार्यक्रम प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
जारी आदेश के अनुसार यह कार्यक्रम मनरेगा बचाओ अभियान सहित प्रदेश के जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आम जनता रायपुर पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी नियुक्त कार्यक्रम प्रभारियों से कहा है कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जिला, शहर, नगर, ब्लॉक एवं मंडल कांग्रेस कमेटियों के साथ समन्वय स्थापित करें। साथ ही मोर्चा संगठनों, प्रकोष्ठ-विभागों के पदाधिकारियों, क्षेत्रीय विधायकों, पूर्व प्रत्याशियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की व्यापक तैयारी सुनिश्चित करें।
15 मार्च 2026 से पहले सभी प्रभारी अपने विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर संगठन को सक्रिय करें और अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि विधानसभा घेराव कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।




