आज पांच राज्यों की राजनीति का सुपर संडे है। पश्चिम बंगाल की 292, असम की 126, केरल की 140, तमिलनाडु की 234 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर हुए मतदान के नतीजे अब आने लगे हैं। फिलहाल, वोटों की गिनती जारी है और रुझान आ रहे हैं। टीवी चैनलों के मुताबिक, 292 सीटों के रुझानों में बंगाल में टीएमसी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है और वह हैट्रिक जीत की ओर बढ़ती दिख रही है। बंगाल में टीएमसी 200 सीटों पर लीड कर रही है। वहीं असम में भाजपा तो केरल में लेफ्ट को बहुमत मिल गया है। बहरहाल, बंगाल में दीदी की होगी हैट्रिक या खिलेगा कमल, असम में फिर चलेगा मोदी मैजिक या कांग्रेस करेगी कमाल, केरल में बचेगा लेफ्ट का आखिरी किला या राहुल की मेहनत लाएगी रंग, तमिलनाडु में डीएमके और एआईडीएमके में कौन होगा सत्ता का सरताज और पुडुचेरी में क्या है जनता का मिजाज? इसका पता कुछ देर में आने वाले फाइनल नतीजों से चल जाएगा। तो चलिए जानते हैं चुनावी नतीजों से जुड़े सभी लेटेस्ट अपडेट। Bengal Election Results: नंदीग्राम में 2700 वोटों से आगे निकलीं ममता
पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजे: नंदीग्राम सीट पर अब बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। इंडिया टुडे के मुताबिक, कई राउंड तक पिछड़ने के बाद अब ममता बनर्जी नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी से आगे निकल गई हैं। वह फलिहाल 2700 मतों से आगे चल रही हैं। चुनाव आयोग ने जश्न मानने वालों पर कार्रवाई के दिए आदेश
चुनाव आओग ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव को पत्र लिख आदेश दिया है कि भीड़ जुटाकर जीत का जश्न मनाने पर FIR करें। इतना ही नहीं, जिम्मेवार पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई करें ।केरल विधानसभा चुनाव: केरल में 40 साल बाद बनेगा एक बड़ा इतिहास
केरल के शुरुआती रुझान लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) की वापसी के संकेत दे रहे हैं। अगर यही रुझान चुनावी परिणाम में तब्दील हुए तो 40 साल बाद राज्य में कोई पार्टी लगातार दूसरा चुनाव जीतेगी। अबतक के आए रुझान में एलडीएफ गठबंधन 90 सीट पर बढ़त बनाए हुए है, वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ फ्रंट इस समय 47 सीटों पर आगे चल रही है। बीजेपी और उसके सहयोगी दल 3 सीट पर आगे हैं। मेट्रो मैन ई श्रीधरन अपनी सीट पर लीड कर रहे हैं। 2016 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को महज एक सीट ही मिली थी।