मथुरा के ‘मिनी जामताड़ा’ में पुलिस की बड़ी छापेमारी, 34 हिरासत में



मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में ‘मिनी जामताड़ा’ के नाम से चर्चित क्षेत्र में साइबर ठगों के खिलाफ एक बार फिर बड़े पैमाने पर पुलिस कार्रवाई की गई। रविवार सुबह 240 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम ने 20 से ज्यादा गाड़ियों के साथ दो गांवों में छापेमारी की।

कार्रवाई का नेतृत्व एसपी सुरेश चंद्र रावत ने किया। पुलिस ने दो टीमें बनाकर विशंभरा और झंझावली गांव में रेड की। अचानक पुलिस बल को देख गांव में भगदड़ मच गई। कई लोग खेतों की ओर भागे, जबकि कुछ घरों में छिपने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्धों को दौड़ाकर पकड़ा और घर-घर तलाशी अभियान चलाया।

करीब पांच घंटे तक चली कार्रवाई में 34 लोगों को हिरासत में लिया गया है। एसपी के अनुसार, पुलिस को देखते ही करीब 45 लोग मौके से फरार हो गए। इसके अलावा पांच गाड़ियों को भी जब्त किया गया है।

बताया जा रहा है कि मथुरा के बॉर्डर क्षेत्र से सटे 8-10 गांव लंबे समय से साइबर ठगी का गढ़ माने जाते हैं। यहां सक्रिय नेटवर्क देश-विदेश में ऑनलाइन ठगी की वारदातों को अंजाम देता रहा है। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button