प्रधानमंत्री आवास योजना में तेजी लाने हितग्राहियों की बैठक

समय पर कार्य पूर्ण करने पर ₹32850 रूपये मिलेंगे बोनस
रायगढ़। शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में गति लाने के उद्देश्य से विभिन्न वार्डों के मोर जमीन मोर मकान (बीएलसी) के हितग्राहियों की एक महत्वपूर्ण बैठक योजना के नोडल अधिकारी एवं कार्यपालन अभियंता श्री अमरेश लोहिया ने ली । बैठक में योजना के तहत निर्माण कार्य की गुणवत्ता, समय-सीमा एवं किस्त भुगतान की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान कार्यपालन अभियंता श्री लोहिया ने हितग्राहियों को स्पष्ट रूप से बताया कि आवास निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों एवं तय समय-सीमा में पूर्ण करना अनिवार्य है। समय पर कार्य पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को शासन की ओर से ₹32850 रूपये तक का अतिरिक्त बोनस दिए जाने की जानकारी भी दी गई। इस पर उपस्थित हितग्राहियों ने समयबद्ध निर्माण पूर्ण कर बोनस राशि का लाभ लेने तथा उससे अपने आवास में अतिरिक्त कार्य कराने की बात कही।

बैठक में कई हितग्राहियों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। उन्होंने बताया कि प्लिंथ लेवल, डोर लेवल एवं लेंटर लेवल तक निर्माण कार्य पूर्ण करने के बावजूद योजना की किस्त समय पर प्राप्त नहीं हो रही है। इस पर कार्यपालन अभियंता श्री लोहिया ने जानकारी दी कि प्रत्येक निर्माण स्तर — प्लिंथ, डोर एवं लिंटर — के लिए अलग-अलग चरण निर्धारित हैं तथा प्रत्येक चरण पूर्ण होने और सत्यापन के बाद ही संबंधित किस्त जारी की जाती है।

उन्होंने हितग्राहियों से कहा कि यदि किसी कारणवश किस्त प्राप्त नहीं हो रही है तो वे तत्काल कार्यालय के आवास शाखा से संपर्क करें और अगली किस्त के लिए आवश्यक आवेदन प्रस्तुत करें। ऐसे प्रकरणों में प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कुछ हितग्राहियों ने आवेदन देने के बाद भी किस्त नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर कार्यपालन अभियंता श्री लोहिया ने आवास योजना के मिशन प्रबंधक, मिशन प्रेरक एवं सहायक नोडल अधिकारियों को संबंधित आवेदनों की जांच कर शीघ्र किस्त जारी कराने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 75 से अधिक हितग्राही तथा योजना के सहायक नोडल उप अभियंता श्री ऋषी राठौर, मिशन प्रेरक खगेश साहू, सूरज सारथी एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान  अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए विभाग पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button