शटर तोड़कर लाखों की मोबाइल चोरी, CCTV में कैद हुए नकाबपोश चोर

घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात नकाबपोश चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना ग्राम कुडुमकेला के तेलीपारा निवासी 31 वर्षीय सेतराम साव की “साव कंप्यूटर एंड मोबाइल” नामक दुकान में हुई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार सेतराम साव सड़कपारा मेन रोड स्थित अपनी दुकान को 15 फरवरी की रात करीब सवा 8 बजे रोज की तरह बंद कर घर चले गए थे। देर रात अज्ञात 4-5 चोरों ने दुकान के शटर का ताला लोहे की रॉड से तोड़ दिया और अंदर घुस गए।


चोरों ने दुकान में रखे नए और पुराने मोबाइल फोन एक-एक कर बैग में भर लिए और मौके से फरार हो गए। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि सभी चोरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे।


हैरानी की बात यह रही कि जाते समय चोर CCTV कैमरा भी अपने साथ ले गए, लेकिन DVR वहीं छोड़ गए। इसी DVR में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई, जो अब पुलिस के लिए अहम सबूत साबित हो सकती है।

घटना के बाद पीड़ित दुकानदार सेतराम साव ने घरघोड़ा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुट गई है।
इलाके में इस घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है, वहीं लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button