ऑपरेशन मुस्कान: रायगढ़ पुलिस ने 59 में से 56 गुम इंसानों को खोजकर लौटाई मुस्कान

रायगढ़, 3 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में जिले भर में गुम इंसानों की तलाश का अभियान तेज किया गया है। जनवरी माह में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 59 गुम इंसान दर्ज किए गए थे, जिनमें से 56 को पुलिस ने बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिससे परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।


नाबालिगों की त्वरित बरामदी, पॉक्सो एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई

जनवरी में 16 नाबालिग गुम इंसान दर्ज हुए, जिनमें से 14 को पुलिस ने सकुशल बरामद किया। जांच में यह पाया गया कि कुछ मामलों में बच्चों को बहला-फुसलाकर भगाया गया था। ऐसे आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई।


कोतरारोड़ पुलिस ने 8 साल से लापता बालक को महाराष्ट्र से परिजनों के सुपुर्द किया

सबसे उल्लेखनीय मामला कोतरारोड़ का रहा, जहाँ करीब 8 साल से लापता बालक को पुलिस टीम ने सतारा (महाराष्ट्र) से बरामद कर परिवार के हवाले किया। इससे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और क्षेत्र में पुलिस की सराहना की गई।

चक्रधरनगर, धरमजयगढ़ और पुसौर पुलिस की सफलता

थाना चक्रधरनगर, धरमजयगढ़ और पुसौर पुलिस ने भी गुम नाबालिगों को परिजनों से मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अधिकांश बच्चों के घर से नाराज होने के कारण भागने की घटनाएं सामने आईं, जबकि कुछ मामलों में शादी का झांसा देकर नाबालिगों को भगाया गया था।

केस स्टडी 1: कोतरारोड़ पुलिस की उत्कृष्ट पहल

थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 18/2018 धारा 363 भादवि के तहत गुम बालक का मामला दर्ज था। बालक की 2018 से तलाश जारी थी और हाल ही में सतारा (महाराष्ट्र) से बरामद कर परिजनों को सौंपा गया। इस कार्रवाई को क्षेत्र में व्यापक सराहना मिली।

केस स्टडी 2: चक्रधरनगर पुलिस ने बालिका को कोरबा से सकुशल बरामद किया

थाना चक्रधरनगर के तहत दर्ज अपराध क्रमांक 410/2025 धारा 137(2) बीएनएस में नाबालिक बालिका को आरोपी खीरसागर चौहान ने शादी का प्रलोभन देकर भगाया था। पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा।

केस स्टडी 3: धरमजयगढ़ में शादी का प्रलोभन देकर भगाने वाला आरोपी जेल भेजा गया

थाना धरमजयगढ़ में नाबालिक बालिका के गुम होने की शिकायत पर अपराध क्रमांक 383/2025 धारा 137(2) बीएनएस दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी रोशन बसोड़ को दबिश देकर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।

केस स्टडी 4: पुसौर पुलिस ने नाराज बालिका को परिवार से मिलाया

पुसौर थाना क्षेत्र में 22 जनवरी को घर से स्कूल जाने के बहाने निकली नाबालिक बालिका को सरिया थाना क्षेत्र से सुरक्षित बरामद किया गया। मामला अपराध क्रमांक 18/2026 धारा 137(2) बीएनएस में दर्ज किया गया। बालिका ने स्वयं स्वीकार किया कि वह परिजनों से नाराज होकर सहेली के घर गई थी।

एसएसपी का संदेश: नाबालिगों के मामलों में कोई रियायत नहीं

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा:

“जिले में ऑपरेशन मुस्कान निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। गुम नाबालिगों और गुम इंसानों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। अभिभावकों से अपील है कि वे बच्चों से मित्रवत व्यवहार रखें, उनकी गतिविधियों पर नजर रखें और सोशल मीडिया संपर्कों की नियमित निगरानी करें। नाबालिगों से जुड़े अपराधों में कठोर दंड का प्रावधान है। बच्चों को बहला-फुसलाकर भगाने वाले या उनके साथ अनुचित कृत्य करने वालों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button