साय सरकार की नीतियों से प्रदेश की जनता परेशान, विकास कार्य ठप : चुम्मन साहू

छुरिया : जिला कांग्रेस महामंत्री चुम्मन साहू ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि साय सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण प्रदेश की जनता त्रस्त हो चुकी है। चुनाव के समय किए गए वादे आज जमीन पर कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली और रुके हुए विकास कार्य सरकार की विफलता को उजागर कर रहे हैं।

चुम्मन साहू ने कहा कि भाजपा सरकार केवल नाम बदलने और प्रचार-प्रसार में लगी हुई है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम दिखाई नहीं देता। गांवों में आज भी मूलभूत सुविधाओं की कमी है। कई स्थानों पर सड़कें जर्जर हैं, नए स्कूल भवन नहीं बने, स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल हैं और युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के हितों की बात करने वाली सरकार धान खरीदी, बोनस और समर्थन मूल्य जैसे मुद्दों पर स्पष्ट नीति नहीं दे पा रही है। किसानों को समय पर भुगतान और राहत नहीं मिल रही, जिससे वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। दूसरी ओर कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को या तो बंद कर दिया गया है या उनकी गति धीमी कर दी गई है।

चुम्मन साहू ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता विकास कार्य नहीं, बल्कि शराब दुकानें खुलवाना रह गई है। गांव-गांव में शराब बिक्री को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है और परिवार प्रभावित हो रहे हैं। युवा पीढ़ी गलत दिशा में जा रही है और कई घरों की आर्थिक स्थिति शराबखोरी के कारण कमजोर हो रही है। सरकार को रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन वह राजस्व के नाम पर शराब संस्कृति को बढ़ावा दे रही है।

चुम्मन साहू ने कहा कि प्रदेश की जनता पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल को याद कर रही है, जब किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही थीं। आज प्रदेश में केवल घोषणाओं और विज्ञापनों की राजनीति हो रही है, जबकि धरातल पर विकास कार्य ठप पड़े हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए अनावश्यक बयानबाजी कर रही है, लेकिन जनता अब जागरूक है और सच्चाई को समझ चुकी है। आने वाले चुनाव में जनता विकास विरोधी और वादा खिलाफी करने वाली सरकार को करारा जवाब देगी।

अंत में चुम्मन साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और युवाओं की आवाज बनकर कांग्रेस सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और प्रदेश में फिर से जनहित एवं विकास की राजनीति को स्थापित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button