
रायगढ़। रविवार दोपहर घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाईवा और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिसमें केबिन में फंसे एक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे घरघोड़ा से कुडुमकेला मार्ग पर कुरकुट नाला के पास तेज रफ्तार हाईवा और ट्रेलर की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में दोनों वाहनों में आग भड़क उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग तेजी से फैलने के कारण केबिन में फंसे चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी चालक तक नहीं पहुंच सका।
सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए अब तक तीन दमकल वाहनों की मदद ली गई है।
हादसे के बाद रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस यातायात बहाल करने और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे की मुख्य वजह हाईवा चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही हो सकती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुरकुट नाला के पास का यह क्षेत्र पहले से ही दुर्घटना संभावित ‘ब्लैक स्पॉट’ माना जाता है, जहां पूर्व में भी कई हादसे हो चुके हैं।
घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव ने बताया कि एक चालक की जलकर मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दूसरे चालक की स्थिति आग पूरी तरह बुझने के बाद स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




