रूस ने ईरान पर अमेरिका-इजराइल हमले की निंदा की, शत्रुता तुरंत समाप्त करने का आह्वान

मॉस्को: अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद रूस ने तनाव कम करने और कूटनीति के माध्यम से समस्या हल करने की अपील की है। रूस का कहना है कि सभी खाड़ी देशों के वैध हितों का सम्मान किया जाना चाहिए।

रूसी विदेश मंत्रालय का बयान
रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि “हम तत्काल शत्रुता समाप्त करने, तनाव कम करने और संयुक्त राष्ट्र चार्टर एवं परमाणु हथियारों के अप्रसार संधि (NPT) के आधार पर राजनीतिक और राजनयिक समाधान की प्रक्रिया पर लौटने का आह्वान करते हैं।” बयान में यह भी कहा गया कि अमेरिकी और इजराइली हमलों में खामेनेई, उनके परिवार और उच्च पदस्थ ईरानी अधिकारियों की मौत से मॉस्को में गहरा आक्रोश और दुख व्यक्त किया गया है।

पुतिन का शोक संदेश
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरानी राष्ट्रपति को संदेश भेजकर कहा, “ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों के हमले में मारे जाने के संबंध में मेरी गहरी संवेदनाएं स्वीकार करें। यह कृत्य मानवीय नैतिकता और अंतरराष्ट्रीय कानून के सभी मानदंडों का घोर उल्लंघन है।”

साथ ही, रूस ने शनिवार को अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन और एक संप्रभु राष्ट्र के खिलाफ “बिना उकसावे के” कार्रवाई करार दिया था।

रूस की यह प्रतिक्रिया मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच वैश्विक कूटनीतिक दबाव और शांति कायम करने के प्रयासों का हिस्सा मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button