
रायगढ़, 19 नवंबर 2026। जिले के कापू थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद पति द्वारा पत्नी की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम टेढ़ासेमरा निवासी 22 वर्षीय सोमारी पहाड़ी कोरवा की शादी करीब चार वर्ष पहले सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा (26 वर्ष) से हुई थी। मृतिका की मां दिनो बाई पहाड़ी कोरवा (निवासी ग्राम सारुजोबा, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा) ने 17 नवंबर 2026 को थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 नवंबर को दंपति घरेलू और व्यक्तिगत सामान खरीदने कोनपारा विजयपुर गए थे। वहां से लौटते समय रात में कोनपारा बस्ती के पास दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद आरोपी ने बांस के डंडे से पिटाई कर और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर कापू थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की ने टीम के साथ ग्राम कोनपारा के बऊराहीपारा में दबिश देकर संदेही सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लौटते समय दोनों ने रास्ते में शराब पी थी। रात में नशे की हालत में पत्नी कई जगह गिर गई और कपड़े गीले होने पर खेत के पास बैठ गई। घर चलने से मना करने पर गुस्से में आकर उसने हाथ-मुक्के व बांस के डंडे से मारपीट की और पैर से गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना में इस्तेमाल बांस का डंडा जब्त कर लिया है। कापू थाना में अपराध क्रमांक 186/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शिवम कोमरे, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी और स्टाफ की भूमिका रही।
एसएसपी का संदेश एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद या छोटी बातों पर आवेश में आकर हिंसा करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने नागरिकों से विवाद के समय संयम रखने, हिंसा होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की और कहा कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा व हत्या जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।