छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़: नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई, 24 ठेला-गुमटियां हटाईं; 21 हजार जुर्माना वसूला

रायगढ़। शहर की प्रमुख सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई की। अतिक्रमण निवारण दस्ते ने सिग्नल चौक से चक्रधर नगर चौक तक अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए। निगम के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 24 ठेला-गुमटियों के स्थायी अतिक्रमण हटाए गए और नियमों का उल्लंघन कर संचालित किए जा रहे 13 ठेले जब्त किए गए। अभियान के दौरान 21 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

सिग्नल चौक से चक्रधर नगर चौक तक चला अभियान

नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देश पर अतिक्रमण निवारण दस्ते ने सड़क के दोनों ओर कार्रवाई की। अभियान में सड़क किनारे लगाए गए ठेला-गुमटियों को हटाया गया। निगम प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना और पैदल चलने वाले लोगों सहित आम नागरिकों को आवागमन में होने वाली परेशानी कम करना है।

सड़क और फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश

कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों पर अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होता है और नागरिकों को परेशानी होती है। सड़क और फुटपाथ आम लोगों के सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। इन्हें अतिक्रमण मुक्त रखना निगम की प्राथमिकता है।

निर्धारित स्थानों पर व्यवसाय करने की अपील

नगर निगम ने व्यापारियों और ठेला संचालकों से निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करने की अपील की है। निगम प्रशासन के मुताबिक, सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण से बचने तथा शहर की यातायात व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करना जरूरी है।

निगम ने अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान जारी रखने की बात कही है।

Show More
Back to top button