सोशल मीडिया पर धार्मिक भावना आहत करने का मामला, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई से शांति व्यवस्था को बिगाड़ने की साजिश नाकाम

रायगढ़, 30 जनवरी। सोशल मीडिया पर श्री सत्यनारायण बाबा जी को लेकर आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणी करने वाले युवक को रायगढ़ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर एक कड़ा संदेश दिया है। मामले में आरोपी को कोरबा जिले से दबोचकर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

एसएसपी के संज्ञान में आते ही दर्ज हुआ अपराध, तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश

प्रकरण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आते ही उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध पंजीबद्ध करने और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद कोतरारोड़ थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम सक्रिय हुई।

फेसबुक आईडी से आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने की मिली थी शिकायत

पुलिस को प्राप्त लिखित शिकायत में बताया गया कि फेसबुक अकाउंट “Soozoo” नामक आईडी से श्री सत्यनारायण बाबा जी के संबंध में अत्यंत निंदनीय और भड़काऊ वीडियो/पोस्ट साझा की गई है, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका उत्पन्न हुई।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान, कोरबा से दबोचा गया

साइबर एक्सपर्ट टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण के बाद आरोपी की पहचान सरोज रात्रे पिता राम लकेश्वर रात्रे, उम्र 32 वर्ष, निवासी सलिहाभांठा थाना उरगा जिला कोरबा के रूप में की गई। पुलिस टीम ने कोरबा पुलिस के सहयोग से आरोपी को वहां से गिरफ्तार किया।

आपत्तिजनक सामग्री साझा करने में प्रयुक्त मोबाइल फोन जप्त

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री साझा करने में उपयोग किया गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन जप्त किया गया है। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 29/2026 धारा 353, 299 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल की सतत निगरानी, सख्त कार्रवाई जारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल लगातार सक्रिय है। उन्होंने आम नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि धार्मिक या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली किसी भी सामग्री पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।

संयुक्त पुलिस टीम की अहम भूमिका, विवेचना जारी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में इस संवेदनशील प्रकरण में त्वरित कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज सहित कोतरारोड़ थाना एवं साइबर थाना स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button