छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़: घर में घुसकर युवक से मारपीट और अपहरण का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद अगले दिन मारपीट और एक युवक को जबरन कार में ले जाने के आरोप तक पहुंच गया। मामले में कोतवाली पुलिस ने 26 वर्षीय दीप अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। प्रकरण में नामजद तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

पटाखे फोड़ने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, हण्डी चौक निवासी 18 वर्षीय निमिश अग्रवाल ने 9 नवंबर 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 8 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने साथी आकर्ष शर्मा के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।

आरोप है कि विरोध करने पर हनी अग्रवाल और अरुण शर्मा ने निमिश के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर भी अरुण शर्मा ने हाथ में पहने कड़े से वार किया, जिससे उसे चोट आई।

सुबह घर में घुसकर मारपीट और जबरन कार में ले जाने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे निमिश अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद रंग की ऑल्टो कार से वहां पहुंचे। आरोप है कि चारों ने घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट की।

शिकायतकर्ता के अनुसार, अरुण शर्मा ने जूते से उसके सिर पर वार किया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे जबरन कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास ले जाया गया, जहां फिर मारपीट किए जाने का आरोप है। बाद में युवक को हण्डी चौक के पास छोड़कर आरोपी चले गए।

12 नवंबर को दीप अग्रवाल की गिरफ्तारी

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 660/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(3), 115(2), 333, 140(3) और 3(5) के तहत जांच शुरू की। विवेचना के दौरान 12 नवंबर को दीप अग्रवाल (26), पिता रविन्द्र अग्रवाल, निवासी विकास नगर गली नंबर 3, कोतरारोड़, रायगढ़ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

तीन आरोपी फरार, तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, मामले में अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल और लक्ष्य शुक्ला की तलाश की जा रही है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उइके के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी की कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी अजय नागवंशी, निरीक्षक अमित तिवारी, एसआई ऐनु देवांगन, एएसआई कोसो जगत सहित पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।

नोट: मामले में मारपीट और अपहरण से जुड़े आरोप शिकायत के आधार पर हैं। आरोपियों के दोष का निर्धारण न्यायालय में साक्ष्यों के आधार पर होगा।

Show More
Back to top button