छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर: छात्रावास अधीक्षकों का धरना, पांच सूत्रीय मांगों पर सरकार को चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ के आह्वान पर शुक्रवार को राजधानी रायपुर के तूता धरना स्थल पर छात्रावास अधीक्षकों ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल और धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे अधीक्षकों ने लंबे समय से लंबित सेवा संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग उठाई। आंदोलन को तीन कर्मचारी संगठनों का समर्थन भी मिला।

24 घंटे की ड्यूटी और पदोन्नति का मुद्दा

संघ का कहना है कि छात्रावास अधीक्षकों को विद्यार्थियों की सुरक्षा, भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा और देखरेख जैसी जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। उनसे 24 घंटे उपलब्ध रहने की अपेक्षा की जाती है। इससे विशेषकर महिला अधीक्षिकाओं को पारिवारिक और सामाजिक जिम्मेदारियां निभाने में कठिनाई होती है। संघ ने पदोन्नति और कैरियर उन्नयन के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने पर भी असंतोष जताया।

तीन कर्मचारी संगठनों ने दिया समर्थन

धरना स्थल पर अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के जिला संयोजक पीताम्बर पटेल, छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष रामचंद्र टांडी और आदिम जाति कल्याण विभाग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष धन्नू लाल देवांगन पहुंचे। उन्होंने आंदोलन का समर्थन करते हुए कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की।

मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

संघ की रायपुर जिला अध्यक्ष मंजू कुर्रे ने कहा कि छात्रावास अधीक्षक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद लंबे समय से सेवा संबंधी विसंगतियों का सामना कर रहे हैं। संघ ऐसी व्यवस्था चाहता है, जिससे छात्रावासों का संचालन प्रभावित न हो और कर्मचारियों को सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां मिलें।

संघ ने शासन से पांच सूत्रीय मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगों का निराकरण नहीं होने पर संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखा जाएगा।

Show More
Back to top button