सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुदूर आदिवासी अंचल सुकमा के चार विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS), सुकमा के इन विद्यार्थियों का चयन नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) में हुआ है। चयन के बाद उन्हें नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होने और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने का अवसर मिला।
राष्ट्रपति भवन के कार्यक्रम में हुए शामिल
जनजातीय गौरव दिवस सप्ताह के अवसर पर 12 नवंबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम में चारों विद्यार्थी राष्ट्रपति भवन पहुंचे। यहां उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से संवाद किया। साथ ही केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और NESTS की आयुक्त डॉ. प्रतिमा से भी मुलाकात की। विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और शिक्षा तथा भविष्य की संभावनाओं को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
सुकमा के चार विद्यार्थियों का NIFT में चयन
चयनित विद्यार्थियों में आशा रावा (मोटेगुड़ा, केरलापाल), ममता (पोंदूम, सुकमा), अनीता बघेल (पाकेला) और लक्ष्मण बारसे (रेड़ीपाल, कंजपानी) शामिल हैं। चारों ने NIFT 2026 की प्रवेश प्रक्रिया में सफलता हासिल की। आशा, ममता और अनीता को रायपुर में प्रवेश मिला है, जबकि लक्ष्मण बारसे ने भोपाल में प्रवेश प्राप्त किया है।
किसान और सामान्य परिवारों से आते हैं विद्यार्थी
इन विद्यार्थियों की पृष्ठभूमि ग्रामीण और सामान्य परिवारों से जुड़ी है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता से यह संदेश मिलता है कि उचित शैक्षणिक अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
विद्यालय और जिला प्रशासन के सहयोग से मिली सफलता
इस उपलब्धि में जिला प्रशासन और विद्यालय परिवार का योगदान रहा। कलेक्टर अमित कुमार के प्रोत्साहन, सहायक आयुक्त हेमंत कुमार सिन्हा के सहयोग तथा विद्यालय के प्राचार्य राजीव कुमार और शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन ने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने में मदद की। अभिभावकों के सहयोग और बच्चों की निरंतर मेहनत भी इस सफलता का अहम आधार रही।
दूसरे विद्यार्थियों के लिए बनी प्रेरणा
सुकमा के इन चार विद्यार्थियों का NIFT में चयन और राष्ट्रपति भवन तक पहुंचना जिले के अन्य आदिवासी एवं ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है। उनकी सफलता से क्षेत्र के बच्चों को उच्च शिक्षा और राष्ट्रीय स्तर पर अवसर हासिल करने के लिए आगे बढ़ने का प्रोत्साहन मिलेगा।