रायपुर: CAF चौथी बटालियन परिसर में जवान का शव मिलने से हड़कंप, आत्महत्या की आशंका

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) की चौथी बटालियन परिसर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जवान का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान एन.आर. अर्जुन इक्का के रूप में हुई है, जो जशपुर जिले के मूल निवासी थे।

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

बताया जा रहा है कि अर्जुन इक्का बटालियन में नियमित ड्यूटी पर तैनात थे। उनके इस कदम से सुरक्षा महकमे में शोक की लहर है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जवान के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड की जांच कर रही है और साथियों से पूछताछ कर संभावित तनाव या अन्य कारणों की जानकारी जुटा रही है।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button