छत्तीसगढ़बिलासपुर

SECL में ₹65.10 करोड़ के वित्तीय मामलों पर CAG की आपत्ति, ठेका प्रबंधन से लेकर वसूली तक उठे सवाल

नवरात्रि दिवाली मोबाइल मेगा ऑफर
श्री पारस कलेक्शन दिवाली धमाका
1795435532630

कुसमुंडा में ₹8.62 करोड़ की वसूली बाकी, कुसमुंडा-गेवरा में ₹35.74 करोड़ का संभावित राजस्व गंवाया; मणिकपुर में ₹20.74 करोड़ की वसूली अटकी, जगन्नाथपुर में भी ₹1.14 करोड़ का मामला उजागर

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के वित्तीय प्रबंधन, ठेका प्रक्रिया और अधिकारियों की जवाबदेही पर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। CAG की रिपोर्ट संख्या 22, वर्ष 2026 के अनुच्छेद 1.3 में SECL की खनन गतिविधियों और वित्तीय व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान कई महत्वपूर्ण कमियां उजागर हुई हैं। तीन प्रमुख वित्तीय मामलों में ₹65.10 करोड़ का उल्लेख किया गया है। इसमें ठेका प्रबंधन में अतिरिक्त वित्तीय भार, संभावित अतिरिक्त राजस्व की हानि और फ्लाई ऐश निपटान की वसूली शामिल है। इसके अलावा जगन्नाथपुर और चिरमिरी खदानों में भी ठेका प्रबंधन तथा वसूली संबंधी अलग-अलग आपत्तियां दर्ज हैं।

कुसमुंडा में ठेका कंपनी की अधूरी जिम्मेदारी, SECL पर ₹19.13 करोड़ का अतिरिक्त भार

कुसमुंडा खदान में जून 2019 में M/s S.S. Mining JV Company (SSM) को 90.73 मिलियन टन कोयला काटने और 70.65 मिलियन टन कोयला लोड करने का ठेका दिया गया था। लेकिन निर्धारित अवधि और बार-बार समय बढ़ाने के बावजूद कंपनी लक्ष्य पूरा नहीं कर सकी। मार्च 2023 तक 68.83 मिलियन टन कोयला काटा गया, जबकि लोडिंग केवल 23.96 मिलियन टन हुई। शेष 18.55 मिलियन टन कोयले की लोडिंग ESM ठेकेदारों से अधिक दर पर कराई गई।

CAG के अनुसार इस व्यवस्था से SECL पर ₹19.13 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ा। ऑडिट आपत्ति के बाद मई 2025 तक ₹10.51 करोड़ की वसूली की गई, लेकिन ₹8.62 करोड़ अब भी बकाया थी।

मामले में SECL के कार्यात्मक निदेशकों की समिति ने मार्च 2025 में सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना ESM ठेकेदारों को काम सौंपने पर तत्कालीन क्षेत्र महाप्रबंधक और क्षेत्रीय वित्त प्रबंधक की जवाबदेही तय करने तथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की थी। इसके बावजूद शेष राशि की वसूली और जिम्मेदारी तय करने की स्थिति महत्वपूर्ण सवाल बनी हुई है।

कुसमुंडा और गेवरा में ₹35.74 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व गंवाया

CAG ने कुसमुंडा और गेवरा खदानों में उपलब्ध कोयला क्रशिंग सुविधाओं का पूरा उपयोग नहीं किए जाने पर भी आपत्ति दर्ज की है। वर्ष 2021 से 2024 के दौरान दोनों खदानों में क्रशिंग क्षमता उपलब्ध होने के बावजूद बिजली संयंत्रों को निर्धारित आकार के क्रश किए हुए कोयले की जगह बड़े आकार का बिना क्रश किया हुआ कोयला भेजा गया।

CAG के अनुसार निर्धारित निर्देशों का पालन किया जाता तो क्रशिंग लागत घटाने के बाद SECL को ₹35.74 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हो सकता था। प्रबंधन ने मांग में उतार-चढ़ाव, रैक की उपलब्धता और अन्य परिचालन कारणों का हवाला दिया, लेकिन ऑडिट ने उपलब्ध क्रशिंग क्षमता के समुचित उपयोग में कमी को रेखांकित किया।

जगन्नाथपुर में RKTC ठेकेदार की देरी से ₹1.14 करोड़ का मामला

भटगांव क्षेत्र की जगन्नाथपुर खदान में जुलाई 2020 में RKTC कंपनी को 1,260 दिनों के लिए कोयला क्रशिंग और परिवहन का काम सौंपा गया था। क्रशर निर्धारित तारीख से 156 दिन बाद स्थापित हुआ। इस दौरान 4.98 लाख टन कोयला निर्धारित आकार में क्रश नहीं हो सका। CAG ने गणना की कि इससे ₹1.14 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व अर्जित करने का अवसर गंवाया गया। ठेके की शर्तों के बावजूद SECL ने इस राशि की वसूली के लिए पहल नहीं की।

मणिकपुर में ₹20.74 करोड़ की वसूली पर सवाल

मणिकपुर खदान में फ्लाई ऐश निपटान के लिए ताप विद्युत संयंत्रों के साथ अक्टूबर 2018 में समझौता किया गया था। समझौते के अनुसार निपटान का खर्च संबंधित विद्युत संयंत्रों को आनुपातिक आधार पर वहन करना था। इसके बावजूद SECL ने नवंबर 2018 से मार्च 2023 तक अपने संसाधनों से फ्लाई ऐश का निपटान कराया, लेकिन इसकी दरें अगस्त 2024 तक अंतिम रूप से तय नहीं हो सकीं।

मई 2024 में खदान प्रबंधन ने ₹20.74 करोड़ की वसूली योग्य राशि का आकलन किया। मंत्रालय ने भी जून 2025 में स्वीकार किया कि दर निर्धारित करने और समय पर दावा प्रस्तुत करने में प्रक्रियागत देरी हुई, जिससे कंपनी की धनराशि लंबे समय तक अटकी रही।

अब जवाबदेही और वसूली पर उठ रहे सवाल

तीनों प्रमुख मामलों में ₹65.10 करोड़ का वित्तीय प्रभाव सामने आने के बाद SECL के वित्तीय प्रबंधन पर सवाल उठना स्वाभाविक है। एक तरफ ठेका प्रबंधन में नियमों की अनदेखी और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की अनुशंसा है, तो दूसरी तरफ करोड़ों रुपये की वसूली और संभावित राजस्व अर्जित करने में विफलता सामने आई है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि कुसमुंडा में शेष ₹8.62 करोड़ की वसूली कब होगी? मणिकपुर में ₹20.74 करोड़ के दावे पर क्या कार्रवाई हुई? कुसमुंडा और गेवरा में उपलब्ध क्रशिंग क्षमता का उपयोग नहीं करने के लिए किसकी जिम्मेदारी तय की गई? जगन्नाथपुर में ठेकेदार से ₹1.14 करोड़ की वसूली की क्या स्थिति है?

CAG की रिपोर्ट ने इन मामलों में प्रबंधन की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अब जरूरत है कि SECL प्रबंधन प्रत्येक मामले की अद्यतन स्थिति सार्वजनिक करे और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के साथ लंबित वसूली पर ठोस कार्रवाई करे।

Show More
ANIL SHUKLA

ANIL SHUKLA

REPORTER

◾जिलाध्यक्ष - छ. ग. जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन, रायपुर

Back to top button