मधुमेह की समय पर पहचान के लिए एसईसीएल मुख्यालय में स्वास्थ्य शिविर, 332 कर्मचारियों की हुई जांच

विश्व मधुमेह दिवस पर अधिकारियों ने भी कराई ब्लड शुगर जांच, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
बिलासपुर। विश्व मधुमेह दिवस 2026 के अवसर पर एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष ब्लड शुगर जांच शिविर का आयोजन किया गया। “मधुमेह की समय पर पहचान” थीम पर आयोजित इस शिविर में कुल 332 कर्मचारियों की ब्लड शुगर सहित अन्य प्रमुख स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई। शिविर के माध्यम से मधुमेह की रोकथाम, समय पर पहचान और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र तथा निदेशक (तकनीकी-परियोजना एवं योजना) नृपेंद्र नाथ ने भी सहभागिता करते हुए अपनी स्वास्थ्य जांच कराई। वरिष्ठ अधिकारियों की इस पहल ने कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और नियमित जांच को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान चिकित्सा सेवाओं के प्रमुख डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा ने मधुमेह से बचाव और नियंत्रण के उपायों की जानकारी देते हुए संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधियों, स्वस्थ जीवनशैली तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श की आवश्यकता पर जोर दिया।
एसईसीएल की इस पहल ने स्पष्ट किया कि कार्यस्थल पर कर्मचारियों की उत्पादकता के साथ-साथ उनका स्वास्थ्य और कल्याण भी संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है। नियमित स्वास्थ्य जांच और निवारक चिकित्सा सेवाओं के जरिए कर्मचारियों को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम रहा।

