साय सरकार का बजट ‘झूठ का पुलिंदा’ और ‘जुमलों की किताब’ – चुम्मन साहू

छुरिया : छत्तीसगढ़ विधानसभा में पेश किए गए साय सरकार के बजट को लेकर जिला कांग्रेस महामंत्री चुम्मन साहू ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस बजट को आम जनता की उम्मीदों पर पानी फेरने वाला बताते हुए इसे “झूठ का पुलिंदा” और “जुमलों का बजट” करार दिया।
चुम्मन साहू ने कहा कि सरकार हर साल बजट को अलग-अलग नाम देकर जनता को भ्रमित कर रही है।

पहले ‘गति’ बजट लाया गया, जिसका परिणाम जनता ने देख लिया। उसके बाद ‘ज्ञान’ बजट आया, जो उनके अनुसार ‘अज्ञान’ साबित हुआ। अब ‘संकल्प’ बजट पेश किया गया है, लेकिन यह संकल्प भी सिर्फ कागजों तक सीमित रहेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में युवाओं के रोजगार के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं है। सदन में 35 हजार शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। B.Ed अभ्यर्थी और संविदा कर्मचारी हड़ताल पर हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का बजट में कोई समाधान नजर नहीं आता।

चुम्मन साहू ने कहा कि चुनाव के समय 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया गया था, लेकिन इस बजट में उसका जिक्र तक नहीं है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए भी कोई स्पष्ट रोडमैप सामने नहीं आया है।

राज्य की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए चुम्मन साहू ने कहा कि सरकार खजाना खाली होने के बावजूद बड़े-बड़े दावे कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट “हम दो, हमारे दो” की नीति पर आधारित है, जिसका लाभ चुनिंदा उद्योगपतियों को पहुंचाने की मंशा दिखाई देती है।

अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी बजट का सदन से लेकर सड़क तक जोरदार विरोध करेगी और जनता के हक की लड़ाई लड़ती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button