निगम प्रशासन की सख्ती का असर लाखों रुपये की वसूली से बढ़ी राजस्व की रफ्तार

विशेष अभियान के तहत बड़े बकायेदारों ने आगे आकर जमा किया संपत्ति कर और अन्य देय राशि
रायगढ़। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रॉपर्टी टैक्स जलकर एवं यूजर चार्ज वसूली अभियान का असर अब स्पष्ट रूप से नजर आने लगा है। निगम प्रशासन की सख्ती और लगातार की जा रही कार्रवाई के चलते जूटमिल प्रबंधन समिति सहित एक दर्जन से अधिक बड़े बकायेदारों ने आगे आकर अपना बकाया कर जमा किया है। इससे निगम के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

जूटमिल प्रबंधन ने जमा की बड़ी राशि अन्य बकायेदारों ने भी किया भुगतान
अभियान के अंतर्गत जूटमिल प्रबंधन द्वारा 26 लाख 38 हजार 418 रुपए की बड़ी राशि जमा की गई। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 41 की सुशीला देवी और पवन अग्रवाल द्वारा 89 हजार 602 रुपए वार्ड क्रमांक 23 के राधेश्याम अग्रवाल द्वारा 2 लाख 4 हजार 199 रुपए वार्ड क्रमांक 5 के एस एस बिल्डर द्वारा 79 हजार 802 रुपए मोदी कंपलेक्स के संचालक द्वारा 1 लाख 7 हजार 924 रुपए शांति बाई और धीरज कुमार द्वारा 56 हजार 255 रुपए साईं श्रद्धा होटल संचालक द्वारा 1 लाख रुपए वार्ड 5 के बसंत कुमार गोविंद अग्रवाल द्वारा 1 लाख रुपए बैजनाथ और पूनम चंद्र अग्रवाल द्वारा 90 हजार 409 रुपए तथा वार्ड क्रमांक 45 के कैलाश शर्मा द्वारा 77 हजार 804 रुपए की राशि संपत्ति कर के रूप में जमा की गई।

राजस्व टीम की सक्रियता से बकायेदारों पर बढ़ा दबाव लगातार जारी है नोटिस और संपर्क अभियान
नगर निगम की राजस्व टीम द्वारा बड़े बकायेदारों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करते हुए उन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं। साथ ही व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर संपत्ति कर जलकर एवं यूजर चार्ज जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी सक्रियता का परिणाम है कि अब बड़ी संख्या में बकायेदार स्वयं आगे आकर अपने बकाया का भुगतान कर रहे हैं।

अवकाश के दिनों में भी खुला कार्यालय नागरिकों को दी जा रही विशेष सुविधा
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि राजस्व वसूली को प्राथमिकता देते हुए निगम कार्यालय में सप्ताह के सातों दिन कार्यालय समय पर टैक्स जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां तक कि अवकाश के दिनों में भी नागरिक अपने कर जमा कर सकते हैं जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

समय पर कर जमा करने की अपील सख्त कार्रवाई से बचने की दी चेतावनी
आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाते हुए संपत्ति कर जलकर समेकित कर यूजर चार्ज एवं दुकान किराया समय पर जमा करें ताकि अतिरिक्त सरचार्ज और दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन बड़े बकायेदारों द्वारा अब तक कर जमा नहीं किया गया है उनके विरुद्ध सीलिंग कुर्की एवं अन्य विधिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Back to top button