
मतदान सामग्री स्ट्रांग रूम में सुरक्षित, 15 फरवरी को होगी मतगणना
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सील किए गए स्ट्रांग रूम
अम्बिकापुर। नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के तहत मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद सभी मतदान दलों की सकुशल वापसी हुई। मतदान दलों ने नगर निगम अंबिकापुर, नगर पंचायत लखनपुर और सीतापुर नगर पंचायत के स्ट्रांग रूम में मतदान सामग्री जमा कर सुरक्षित रूप से सील कर दिया।
इस प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों के प्रतिनिधि, सामान्य प्रेक्षक संतोष कुमार देवांगन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार नायक, नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप, एसडीएम फागेश सिन्हा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी मतदान दलों की सराहना की। साथ ही स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और सीसीटीवी कैमरों के जरिए सतत निगरानी के निर्देश दिए गए।
मतदान का विवरण:
- नगर निगम अंबिकापुर: 48 वार्डों के 1,21,454 मतदाताओं में से 76,764 ने मतदान किया। इसमें 38,471 पुरुष, 38,287 महिला और 6 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल रहे। मतदान प्रतिशतता 63.20% रही।
- नगर पंचायत लखनपुर: 15 वार्डों के 5,692 मतदाताओं में से 4,713 ने मतदान किया, जिसमें 2,276 पुरुष और 2,437 महिला मतदाता शामिल रहे। मतदान प्रतिशतता 82.80% दर्ज की गई।
- नगर पंचायत सीतापुर: 15 वार्डों के 6,589 मतदाताओं में से 5,373 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें 2,639 पुरुष और 2,734 महिला मतदाता शामिल थे। मतदान प्रतिशतता 81.54% रही।
कुल मिलाकर जिले के तीनों नगरीय निकायों में 64.94% मतदान हुआ।
15 फरवरी को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू
गौरतलब है कि नगरीय निकाय चुनाव की मतगणना 15 फरवरी को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इसमें नगर निगम के महापौर, अध्यक्ष और पार्षद पद के उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। प्रशासन ने मतगणना के लिए भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।