
आशीष तिवारी
आपकी आवाज रायपुर
अभिषेक सिंह, सांसद पाण्डेय समेत 19 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज:-
सीएम कर रहे स्थिति की समीक्षा.. दोपहर को निकाला जाएगा सर्वधर्म शांति यात्रा.. अल्पसंख्यक आयोग ने लिया मामले का संज्ञान
कवर्धा—- शहर में हुए सांप्रदायिक हिंसा मामले में सांसद संतोष पाण्डेय, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक अशोक साहू, मोती लाल चंद्रवंशी और युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष विजय शर्मा समेत 19 से अधिक लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया गया।
गुरुवार देर शाम इस पूरे मामले को अल्पसंख्यक आयोग ने भी संज्ञान लिया है और जिला प्रशासन से पूरे घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इसमें आयोग की ओर से 9 बिन्दुओं में जानकारी मांगी गई है।
आयोग ने पूछा है-
01. साम्प्रदायिक दंगा भड़कने का मूल कारण क्या है? एवं आज पर्यन्त कितने दंगाईयों को गिराफ्तार किया गया है?
02. जिले में सांप्रदायिक सद्भाव पुनः स्थापित करने के लिये क्या जिले के समुदाय प्रमुखों और दोनों गुटों के बीच शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है?
03. क्या सी.सी.टी.व्ही. कैमरा फुटेज की सहायता से दंगाइयों की पहचान हो पाई है, और उन पर क्या कार्यवाही की गई है?
04. दंगा प्रभावित क्षेत्र में कलेक्टर द्वारा सी.आर.पी.सी. ( दण्डप्रक्रिया संहिता) की धारा 144 लागू कर कर दी गई थी. इसके पश्चात भी एक पक्ष के द्वारा रैली निकाली गई। उसकी अनुमति किसके द्वारा प्रदान की गई ?
05. साम्प्रदायिक दंगे की घटना दिनांक 05.10.2021 को घटित हुई जिसमें जन-धन हानी (जिले के सभी वार्डों में सुनियोजित ढंग से हिंसा और तोड़-फोड़कर घर, दुकान,गाडियों, व्यक्तियों को गंभीर क्षति पहुँचाई गई) हुई है। इसका अनुमान लगाये जाने हेतु क्या किसी समिति का गठन किया गया है?
06. क्या पीड़ितों की पहचान कर उन्हें तत्काल राहत पहुंचाने हेतु कोई मुआवजा राशि प्रदान की गई है। यदि अभी तक मुआवजा राशि नहीं दी गयी है, तो तत्काल राहत प्रदान करने हेतु क्या कदम उठाये गये है?
07. जिले में धारा 144 प्रभावशील होते हुए भी अन्य जिलों जैसे बिलासपुर, धमतरी, बेमेतरा, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर आदि शहरों भारी संख्या में लोग व्यक्ति कवर्धा जिले में कैसे प्रवेश कर गये?
08. क्या जिले की वर्तमान स्थिति नियंत्रण में है? यह दंगा पुनः न भड़के, इसके लिये प्रशासकीय स्तर पर क्या-क्या कदम उठाये गये है?
09. पीड़ित अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिय प्रशासकीय स्तर पर क्या कदम उठाये गये हैं?
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कर रहे समीक्षा
इस वक़्त मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जिला पुलिस और प्रशासन के साथ वहां के मौजूदा हालात की समीक्षा कर रहे है। इसमें कलेक्टर , पुलिस अधीक्षक और पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारी मौजूद है। बैठक में सीएम भूपेश शांति व्यवस्था बनाने के लिए कड़े निर्देश दे सकते हैं।
दोपहर को सर्वधर्म शांति यात्रा
शुक्रवार दोपहर प्रशासन की पहल पर सर्वधर्म शांति यात्रा निकाली जाएगी। इसमें सभी धर्म के लोगों को प्रशासन ने शामिल होने के लिए कहा है। इस यात्रा के माध्यम से घर-घर जाकर शांति की अपील की जाएगी। इस कार्यक्रम में नजर बनाये रखने के लिए आईजी दुर्ग विवेकानंद सिन्हा भी पहुंचेंगे।