एमसीबी में अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, रेत-गिट्टी से भरे 5 ट्रैक्टर जब्त
कलेक्टर के निर्देश पर खड़गवां और मनेन्द्रगढ़ में सघन जांच अभियान, खनिज अधिनियम के तहत होगी वैधानिक कार्रवाई
एमसीबी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए रेत और गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 5 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल द्वारा विशेष जांच अभियान के तहत की गई।
खड़गवां में तीन ट्रैक्टर जब्त
खनिज विभाग के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को तहसील खड़गवां के ठग्गांव क्षेत्र में जांच के दौरान गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 2 ट्रैक्टर और रेत से भरा 1 ट्रैक्टर जब्त किया गया। सभी वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए थाना खड़गवां में सुरक्षित रखा गया है।
मनेन्द्रगढ़ में भी दो ट्रैक्टर पकड़े गए
इसी तरह मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में जांच के दौरान रेत एवं गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 2 अन्य ट्रैक्टर भी जब्त किए गए। इन वाहनों को कलेक्टोरेट परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
खनिज विभाग ने बताया कि सभी जब्त वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान रहेगा जारी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


