ऐश डाईक से फ्लाई ऐश परिवहन पर उठे सवाल, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार से ग्रामीणों में आक्रोश
खरसिया। खरसिया क्षेत्र के बिंजकोट–दर्रामुड़ा मार्ग पर फ्लाई ऐश परिवहन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने गंभीर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि ऐश डाईक से निकलने वाले ओवरलोड हाईवा, तेज रफ्तार और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण आम लोगों को रोजाना परेशानी और दुर्घटना की आशंका का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, मेसर्स सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड के ऐश डाईक से बड़ी मात्रा में फ्लाई ऐश की ढुलाई की जा रही है। आरोप है कि कुछ ट्रांसपोर्टर अधिक चक्कर लगाने और अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से निर्धारित क्षमता से अधिक फ्लाई ऐश भरकर हाईवा का संचालन कर रहे हैं। इससे सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
निजी पोकलेन से भराई, नियमों के पालन पर सवाल
स्थानीय लोगों का दावा है कि ऐश डाईक परिसर में कुछ ट्रांसपोर्टरों द्वारा निजी पोकलेन मशीनों के माध्यम से दिन-रात हाईवा में फ्लाई ऐश भरी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस प्रक्रिया में सुरक्षा मानकों और निर्धारित क्षमता का पर्याप्त पालन नहीं किया जा रहा। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
उड़ती राख और फिसलन से बढ़ रहा खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में हाईवा से उड़ने वाली फ्लाई ऐश आसपास के क्षेत्र में फैल जाती है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी होती है। वहीं, बारिश के दौरान सड़क पर गिरी फ्लाई ऐश गीली होकर फिसलन पैदा करती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
लंबे जाम से प्रभावित हो रहा आवागमन
बिंजकोट–दर्रामुड़ा से बड़े जामपाली और कुर्रुभांठा मार्ग तक कई बार हाईवा वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर भारी वाहनों की भीड़ के कारण स्कूली बच्चों, दोपहिया चालकों और आम नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
कई ट्रांसपोर्ट कंपनियों के वाहन संचालित होने का दावा
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर चंद्रा क्रशर उद्योग, श्री दाऊजी इंटरप्राइजेज, आदिशक्ति, आशीर्वाद ट्रेडिंग, छाल ट्रांसपोर्ट, आई एंड यू, जिंदल कंस्ट्रक्शन, अनुप रोड, मां अंबे, श्रीजी सर्विस, सृष्टि और सत करतार सहित विभिन्न ट्रांसपोर्ट कंपनियों के वाहन संचालित होते हैं।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि फ्लाई ऐश परिवहन में ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और खुले परिवहन पर नियमित जांच अभियान चलाया जाए। साथ ही सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।


