
कटघोरा में सालभर पुरानी चोरी का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार, 8 लाख का माल बरामद
कोरबा/कटघोरा: कटघोरा पुलिस ने एक वर्ष पुरानी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, सोने का बिस्किट और नगदी सहित करीब 8 लाख रुपए का माल बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
अधिवक्ता के घर हुई थी चोरी
यह घटना पुरानी बस्ती कटघोरा निवासी अधिवक्ता राकेश पांडेय के घर की है, जहां चोरों ने ताला तोड़कर लगभग 10 तोला सोने के जेवर, रानी हार सेट, झुमके, चेन, चांदी की पायल और नकदी पार कर दी थी।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
दो आरोपियों से खुला पूरा राज
जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले अमित खांडे और गौतम कुमार जांगड़े को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
जेवर खरीदने वाला व्यापारी भी गिरफ्तार
पुलिस ने आगे की कार्रवाई में सुशील शुक्ला, गणेश दास, अनिल नामदेव और चांपा निवासी व्यापारी हिमेश सोनी को भी गिरफ्तार किया। आरोपियों ने चोरी के जेवर हिमेश सोनी को बेच दिए थे।
चांपा से पकड़े गए आरोपी, भारी माल बरामद
सभी आरोपियों को जांजगीर-चांपा जिले के चांपा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से सोने का बिस्किट, जेवर और नकदी सहित करीब 8 लाख रुपए का चोरी का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस की अपील
थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें, सीसीटीवी कैमरे चालू रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।


