कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चिल्फी बॉर्डर पर 4.47 क्विंटल गांजा जब्त पंजाब का अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

ब्रेकिंग न्यूज
दिनेश दुबे 9425523689
*2.50 करोड़ का मशरूका जब्त, कंटेनर में बना रखा था गुप्त चेंबर, IG ने टीम को दिया 25 हजार का इनाम*
कबीरधाम, 01 सितंबर 2026। नशे के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिल्फी बॉर्डर पर गांजा तस्करी की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने कंटेनर ट्रक के गुप्त चेंबर से 04 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज  अजय कुमार यादव के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक कबीरधाम  जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  हेमसागर सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अमित पटेल के पर्यवेक्षण तथा एसडीओपी  प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी चिल्फी निरीक्षक बीरेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम ने 31 अगस्त को एनएच-30 पर थाना चिल्फी के सामने वाहन चेकिंग अभियान चलाया था।

जांच के दौरान बोड़ला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम बलजीत सिंह पिता रवेल सिंह निवासी पट्टी सरां दी गांव चाटीपिंड, थाना चाटीपिंड, जिला अमृतसर (पंजाब) बताया। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर में खाकी टेप से लिपटे पैकेटों में गांजा छिपाकर रखा मिला।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजे के अलावा 01 मोबाइल फोन कीमत 5 हजार रुपये एवं परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक कीमत 27 लाख रुपये जब्त किया है। इस प्रकार कुल 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। आरोपी के विरुद्ध थाना चिल्फी में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। ANTF टीम द्वारा तस्करी के नेटवर्क की जांच की जा रही है।
*IG ने दिया इनाम*
इस सराहनीय कार्रवाई के लिए पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय यादव ने कबीरधाम पुलिस एवं थाना चिल्फी की टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।

जप्त मशरूका –
गांजा – 04 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम, कीमत – 2,23,75,250 रुपये, कंटेनर ट्रक – 27,00,000 रुपये, मोबाइल – 5,000 रुपये। कुल – 2,50,80,250 रुपये।

उक्त कार्रवाई में ASI बीरबल साहू, आरक्षक सुनील मरावी, जितेंद्र चंद्रवंशी, पंकज यादव, दिलीप जायसवाल एवं ANTF टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Back to top button