कबीरधाम में गौ तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आरोपी गिरफ्तार, 5.5 लाख की संपत्ति जब्त

कबीरधाम, 18 अप्रैल। जिले में गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना रेंगाखार क्षेत्र में अवैध रूप से मवेशियों की तस्करी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।


पीछा करने पर वाहन छोड़कर भागा आरोपी

जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 की रात एक बोलेरो पिकअप वाहन में मवेशियों को भरकर मध्य प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था। इस दौरान गौ सेवकों द्वारा पीछा किए जाने पर चालक ग्राम सूपखार के पास वाहन और मवेशियों को छोड़कर मौके से फरार हो गया।


चार मवेशी और वाहन जब्त

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन सहित चार मवेशियों को अपने कब्जे में लिया। जब्त मवेशियों में दो भैंसी, एक भैंस और एक बछड़ा शामिल हैं। इनकी कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि बोलेरो वाहन की कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। कुल मिलाकर पुलिस ने 5.5 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।


आरोपी की पहचान कर किया गिरफ्तार

जांच के दौरान वाहन मालिक से पूछताछ और परिवहन विभाग से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान शंकर सेंद्रे (31 वर्ष), निवासी मोहगांव, जिला बालाघाट (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस ने 16 अप्रैल को आरोपी को उसके गांव से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद 17 अप्रैल को उसे न्यायालय में पेश किया गया।


कानूनी कार्रवाई जारी

इस मामले में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।


पुलिस की अपील

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के बाद कबीरधाम पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।

Back to top button