कुड़ेकेला में लापता 22 वर्षीय छात्र का मांड नदी में मिला शव, दो दिन से चल रही थी तलाश
कुड़ेकेला। गणेश विसर्जन के बाद लापता हुए 22 वर्षीय कॉलेज छात्र ओम राठिया का शव मंगलवार सुबह मांड नदी में मिला। वह रविवार शाम से घर से लापता था। दो दिनों तक परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे। बंगरसुता पुल के पास नदी में शव मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया।
गणेश विसर्जन के बाद घर लौटा था युवक
जानकारी के मुताबिक कुड़ेकेला निवासी ओम राठिया, पिता बीरसिंह राठिया, रविवार शाम दोस्तों और ग्रामीणों के साथ गणेश विसर्जन कार्यक्रम में शामिल हुआ था। विसर्जन के बाद वह घर लौट आया था।
परिजनों के अनुसार घर पहुंचने के कुछ देर बाद वह बिना किसी को बताए दोबारा बाहर निकल गया। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।
बंगरसुता पुल के पास मिला शव
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ग्रामीणों ने मांड नदी में बंगरसुता पुल के पास झाड़ियों में एक शव देखा। सूचना मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने पहुंचकर शव की पहचान ओम राठिया के रूप में की।
शव मिलने की सूचना से परिवार में शोक का माहौल बन गया। युवक की मौत की खबर से गांव में भी मातम छा गया।
पुलिस और FSL टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही छाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और FSL टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मर्ग कायम किया है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
ओम राठिया की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक तौर पर नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस परिजनों और युवक के दोस्तों से पूछताछ कर रही है और उसके घर से निकलने के बाद की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।











