
जिले में दुर्घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही है।आए दिन यहां लोग तेज रफ्तार के कारण व लापरवाही के कारण कई बड़े हादसे का शिकार हो रहे हैं। ऐसे ही एक और भीषण घटना की खबर सामने आई हैं। यहां दो बाइकों में जबरदस्त टक्कर हो गई, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक में सवार 5 लोग उछल कर सड़क पर बिखर गए। इस हादसे में 5 लोग घायल हो गए हैं। इनमे से 2 की हालत गंभीर है। यह घटना कटघोरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत छुरी में एक बाइक सवार ने दूसरे बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। यह पूरी घटना पास ही के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही 112 संजीवनी की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को कटघोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी को मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। दुर्घटना में गंभीर रुप से घायल दो लोग बरमपुर जबकि, बाकी के तीन लोग सलोरा के निवासी हैं। दो बाइकों के बीच हुई टक्कर की तस्वीर पास ही के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रही है। फिलहाल कटघोरा पुलिस मामले की जाँच कर रही है।