घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़, एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में आरोपी गिरफ्तार
जशपुर। जिले के लोदाम थाना क्षेत्र में एक महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, लोदाम थाना क्षेत्र के एक गांव की 34 वर्षीय महिला ने 26 जून को थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि 25 जून की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच वह घर में अकेली थी। इसी दौरान क्षेत्र का ढाबा संचालक मंजीत सिंह उर्फ बिल्ला सरदार (42) उसके घर में घुस आया।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने गलत नियत से उसके साथ छेड़छाड़ की और अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर उसने कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणी करते हुए महिला का अपमान किया। साथ ही पति को छोड़कर उसके साथ पत्नी बनकर रहने का दबाव बनाया और जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी पीड़िता ने अपने पति को देने के बाद लोदाम थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 331(3), 296 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(ब) और 3(2)(V)(क) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जशपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों में जशपुर पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।











