जशपुर: फर्जी ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी से सावधान, परिवहन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

एसएमएस और व्हाट्सएप पर भेजे जा रहे फर्जी लिंक से बचने की अपील, केवल आधिकारिक पोर्टल से करें भुगतान

जशपुर। फर्जी ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जिला परिवहन अधिकारी ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी एसएमएस, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी ई-चालान के लिंक भेजकर लोगों की बैंकिंग और अन्य गोपनीय जानकारी चुराने का प्रयास कर रहे हैं।

फर्जी लिंक भेजकर बनाते हैं शिकार

परिवहन विभाग के अनुसार, ठग भ्रामक लिंक के जरिए लोगों को फर्जी वेबसाइटों पर ले जाते हैं। वहां ई-चालान भुगतान के बहाने बैंक खाते, डेबिट-क्रेडिट कार्ड और अन्य संवेदनशील जानकारी हासिल कर साइबर धोखाधड़ी को अंजाम दिया जाता है। ऐसे मामलों को देखते हुए भारत सरकार के आधिकारिक ई-चालान पोर्टल पर भी लोगों को फर्जी पोर्टलों और संदिग्ध संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

केवल आधिकारिक माध्यम से करें भुगतान

जिला परिवहन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ई-चालान का भुगतान केवल भारत सरकार के आधिकारिक ई-चालान पोर्टल या संबंधित राज्य पुलिस एवं परिवहन विभाग की अधिकृत वेबसाइट अथवा मोबाइल ऐप के माध्यम से ही करें।

संदिग्ध लिंक से रहें दूर

परिवहन विभाग ने लोगों से कहा है कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी अनजान वेबसाइट पर अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा करें। यदि किसी ई-चालान को लेकर संदेह हो तो पहले संबंधित विभाग से उसकी पुष्टि अवश्य करें।

सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव

परिवहन विभाग ने नागरिकों से साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक रहने और केवल अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।

Back to top button