
छत्तीसगढ़ में 20 अप्रैल से स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित
रायपुर, 16 अप्रैल । प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। तापमान में तेजी से हो रही वृद्धि और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे असर को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
बीते कुछ दिनों से रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग सहित कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। स्कूलों में भी छात्रों की तबीयत बिगडऩे की शिकायतें सामने आने के बाद सरकार ने एहतियाती कदम उठाया है।
जारी आदेश के अनुसार, राज्य में 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक सभी कक्षाओं का संचालन पूर्णत: बंद रहेगा। इस अवधि में विद्यार्थियों को गर्मी से राहत मिलेगी।
सरकार का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है ।


