जशपुर कलेक्टर की सख्ती : लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा और एचपीवी टीकाकरण में तेजी के निर्देश
जशपुरनगर। कलेक्टर रोहित व्यास ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और समय-सीमा के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, अपर कलेक्टर प्रदीप साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
राजस्व मामलों के लिए बनेगी कार्ययोजना
कलेक्टर ने नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए इनके शीघ्र निराकरण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
बारिश के मौसम को देखते हुए जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों और जलप्रपात क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। फिसलन वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने, बैरिकेडिंग करने और पर्यटकों को सुरक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
वज्रपात से बचाव के लिए चलेगा जागरूकता अभियान
कलेक्टर ने वर्षा ऋतु में वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों, अस्पतालों, आश्रम-छात्रावासों और अन्य शासकीय भवनों में लाइटनिंग अरेस्टर लगाने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
एचपीवी टीकाकरण में लाने होंगे शत-प्रतिशत परिणाम
बैठक में किशोरी बालिकाओं के लिए संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए स्कूलों और छात्रावासों में विशेष अभियान चलाने तथा अभिभावकों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।
‘माई भारत’ पोर्टल पर युवाओं का होगा पंजीयन
कलेक्टर ने बताया कि 1 जुलाई से 15 अगस्त तक ‘मेरा युवा भारत (माई भारत)’ विशेष पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागों को 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक युवाओं का पोर्टल पर पंजीयन कराने और स्कूलों-महाविद्यालयों के माध्यम से अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।



