
जशपुर में घरेलू विवाद बना खूनी: बेटे ने पिता की लकड़ी की फाड़ी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
जशपुर। जिले के बागबहार थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
विवाद के बाद किया जानलेवा हमला
घटना ग्राम हल्दी झरिया के बढ़ई पारा की है। पुलिस के अनुसार 16 अप्रैल को सूचना मिली कि एक व्यक्ति की हत्या हो गई है। मौके पर पहुंची टीम की जांच में सामने आया कि मृतक सदानंद नाग (45) और उसके बेटे विजय कुमार नाग (26) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पास रखी लकड़ी की फाड़ी उठाकर पिता के सिर और माथे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सौतेली मां की शिकायत पर केस दर्ज
मृतक की पत्नी (आरोपी की सौतेली मां) की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट को मौत का कारण बताया गया है। पुलिस हिरासत में आरोपी विजय नाग ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि पिता द्वारा बार-बार काम को लेकर ताना देने और गुलेल से मारने की कोशिश करने पर वह गुस्से में आ गया और यह कदम उठा लिया।
हथियार जब्त, 48 घंटे में गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लकड़ी की फाड़ी जब्त कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद में हुई इस हत्या के आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


