जशपुर में बड़ा सड़क हादसा: झारखंड से कोरबा जा रही यात्री बस पलटी, 10 से अधिक घायल
कुनकुरी के टांगरपानी गांव के पास तड़के हादसा, बस में सवार थे करीब 40 यात्री; घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। झारखंड से कोरबा जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। हादसे में 10 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
टांगरपानी के पास पलटी बस
जानकारी के अनुसार, जय बालाजी नाम की निजी बस झारखंड के रामगढ़ से कोरबा जा रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे कुनकुरी थाना क्षेत्र के टांगरपानी गांव के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे बस सड़क पर पलट गई।
स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए कुनकुरी के होली क्रॉस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


