
जिंदल स्टील का हरित संकल्प: रैली और पौधरोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
रायगढ़ स्थित जिंदल स्टील लिमिटेड के संयंत्र में विश्व पर्यावरण दिवस प्रकृति संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर कार्यपालन निदेशक सहित जिंदल स्टील परिवार के सदस्यों ने पौधरोपण कर पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसके साथ ही कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय के बीच जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यपालन निदेशक के नेतृत्व में निकाली गई पर्यावरण रैली
कार्यक्रमों की शुरुआत शुक्रवार सुबह आयोजित एक भव्य पर्यावरण रैली से हुई। कार्यपालन निदेशक श्री देबोज्योति रॉय के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली में विभागाध्यक्षों, अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली अपनाने और सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश दिया गया। इस मौके पर श्री रॉय ने कहा कि हरियाली और पर्यावरण संरक्षण कंपनी के चेयरमैन श्री नवीन जिंदल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
ग्रीन डिपार्टमेंट प्रतियोगिता में पावर प्लांट रहा प्रथम
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संयंत्र के विभिन्न विभागों के बीच ‘ग्रीन डिपार्टमेंट प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। इसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए पॉवर प्लांट विभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि स्टील मेल्टिंग शॉप द्वितीय और एसएएफ विभाग तृतीय स्थान पर रहा। इसके अलावा पर्यावरण विषय पर आधारित चित्रकला और क्विज प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। वहीं हॉर्टिकल्चर विभाग द्वारा सीटीएल एवं सीमेंट संयंत्र परिसर में विशेष पौधरोपण कार्यक्रम चलाया गया, जहां कर्मचारियों ने पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
ग्रामीण क्षेत्रों और स्कूलों में चलाया गया जागरूकता अभियान
सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों के अंतर्गत संयंत्र के पास स्थित ग्राम चिराईपानी और खैरपुर के शासकीय विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें लगभग 280 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पर्यावरण प्रबंधन विभाग की टीम ने गांवों में पहुंचकर बच्चों और ग्रामीणों को प्रदूषण नियंत्रण, प्राकृतिक संसाधनों को बचाने तथा पर्यावरण को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया। इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से जिंदल स्टील ने हरित विकास और सतत भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर मजबूती से प्रदर्शित किया।



