जिला चिकित्सालय में हर्निया पाइल्स एवं अन्य निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा से मरीजों को मिल रहा लाभ

कार्यालय प्रतिनिधि

बेमेतरा, 31 अक्टूबर 2026। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगई एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े के निर्देश पर एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. लोकेश साहू के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय बेमेतरा में जरूरतमंद मरीजों के लिए विभिन्न ऑपरेशन की सुविधा पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की जा रही है।

इसी क्रम में आज दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को जिला चिकित्सालय के ऑपरेशन थिएटर में दो महत्वपूर्ण ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए —

1. हर्निया (Hernia)
2. हेमरॉइडेक्टॉमी / पाइल्स (Hemorrhoidectomy)

उक्त दोनों ऑपरेशन सर्जन डॉ. रेणु कुर्रे द्वारा किए गए, जिसमें निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. आदित्य द्वारा सहयोग प्रदान किया गया। दोनों ही ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क एवं सफल रहे।

सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू ने बताया कि पूर्व में सामान्य ऑपरेशन के लिए बेमेतरा जिले के लोगों को अन्य जिलों में जाना पड़ता था। अब जिला चिकित्सालय बेमेतरा में ही सर्जन एवं निश्चेतना विशेषज्ञ उपलब्ध हैं। इससे मरीजों को समय और धन दोनों की बचत हो रही है।

उन्होंने कहा कि जरूरतमंद नागरिक नियमानुसार जिला चिकित्सालय में उपलब्ध पूर्णतः निःशुल्क सुविधा का लाभ ले सकते हैं। अस्पताल में किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर मरीज सीधे संपर्क कर सकते हैं।

Back to top button