जुए पर पुलिस की सख्त कार्रवाई 8 आरोपी गिरफ्तार ₹11,400 जब्त
किरंदुल। थाना किरंदुल पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹11,400 नकद एवं ताश के 2 बंडल बरामद किए हैं।
जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन, जितेंद्र खूंटे एवं एसडीओपी कमलजीत पाटले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजय यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई की रात पुलिस को कुंआरीपारा स्थित एक बंद पड़े मकान में जुआ खेले जाने की सूचना मिली। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी, जहां 8 लोग जुआ खेलते हुए पकड़े गए।
गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा कुमार, बबलू, वरुण विश्वास, जुगेश कुमार, संजय बारसे, श्यामू राम कर्मा, महेश ठाकुर एवं हिड़िया कड़ती शामिल हैं। सभी के खिलाफ थाना किरंदुल में अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक हेमचंद पटेल, एएसआई उत्तम ध्रुव, प्रधान आरक्षक मधुकांत मरकाम सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
किरंदुल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



