तेज आंधी में प्लांट की दीवार गिरी, मलबे में दबे मजदूर; गर्भवती महिला की मौत, 3 घायल
रायगढ़। जिले के लाखा ग्राम पंचायत अंतर्गत आश्रित ग्राम चिराईपानी में गुरुवार शाम मौसम के अचानक बदले मिजाज ने बड़ा हादसा करा दिया। तेज अंधड़ और तूफान के दौरान महालक्ष्मी प्लांट की बाउंड्री वॉल भरभराकर गिर गई, जिससे पास स्थित ओम श्री रूपेश कंपनी के लेबर क्वार्टर इसकी चपेट में आ गए।
दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक गर्भवती महिला सहित चार मजदूर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर सभी घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार उपचार के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों का आरोप है कि महालक्ष्मी कास्टिंग प्लांट की बाउंड्री वॉल पहले से कमजोर थी और इसकी जानकारी कंपनी प्रबंधन को भी थी। बावजूद इसके समय पर मरम्मत और सुरक्षा संबंधी आवश्यक कदम नहीं उठाए गए। ग्रामीणों का कहना है कि प्रबंधन की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था में चूक के कारण यह दुखद हादसा हुआ।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।











