धमतरी में MIC से हटाए गए विजय मोटवानी, पिंटू यादव को PWD सभापति का प्रभार; चेंबर छोड़ते समय भावुक हुए पार्षद

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी नगर निगम में MIC (महापौर परिषद) के फेरबदल के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। महापौर रामू रोहरा ने आमापारा वार्ड के पार्षद विजय मोटवानी को MIC सदस्य पद से हटा दिया है। उनकी जगह पिंटू यादव को लोक निर्माण विभाग (PWD) सभापति का प्रभार सौंपा गया है। गुरुवार को पदभार हस्तांतरण के दौरान विजय मोटवानी भावुक हो गए। उन्होंने नए सभापति पिंटू यादव को तिलक लगाकर और नारियल भेंट कर बधाई दी।

चेंबर से श्रीराम और अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीरें ले गए मोटवानी

गुरुवार को विजय मोटवानी अपने चेंबर पहुंचे और वहां रखी अयोध्या के श्रीराम, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और भारत माता सहित कई तस्वीरें अपने साथ ले गए। इसके बाद वे नारियल लेकर महापौर रामू रोहरा के चेंबर पहुंचे।

उस समय महापौर अपने कक्ष में मौजूद नहीं थे। मोटवानी ने नारियल उनकी टेबल पर रख दिया और फोन करके धन्यवाद भी दिया। इस घटनाक्रम ने नगर निगम में हुए फेरबदल के बाद की स्थिति को चर्चा में ला दिया।

हाथ मिलाकर और तिलक लगाकर पिंटू यादव को दी बधाई

विजय मोटवानी ने अपने चेंबर में पिंटू यादव को PWD सभापति का प्रभार सौंपा। इस दौरान उन्होंने पिंटू यादव से हाथ मिलाया, तिलक लगाया और नारियल भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

पदभार सौंपते समय मोटवानी भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं। इस दौरान उन्होंने नए सभापति को जिम्मेदारी संभालने के लिए बधाई दी।

बोले- MIC प्रभारी बदलना महापौर का विशेषाधिकार

विजय मोटवानी ने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं और उन्हें कम उम्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि MIC प्रभारी में बदलाव करना महापौर का विशेषाधिकार है और उन्हें इस फैसले से कोई नाराजगी नहीं है।

उन्होंने कहा कि वे शहर के विकास के लिए पहले की तरह महापौर के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करते रहेंगे। महापौर के चेंबर में नारियल रखने के सवाल पर मोटवानी ने कहा कि यह हमारी संस्कृति और संस्कारों का हिस्सा है।

उन्होंने बताया कि गुरुदेवों और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से जुड़ी तस्वीरों के प्रति उनकी आत्मीयता है। वे जहां बैठेंगे, वहां इन तस्वीरों को रखकर पूजा-अर्चना करेंगे। महापौर के चेंबर में मौजूद नहीं होने के कारण उन्होंने नारियल उनकी टेबल पर रख दिया और फोन पर धन्यवाद दिया।

हाईटेक बस स्टैंड और चौपाटी के विकास कार्यों का किया जिक्र

मोटवानी ने धमतरी में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए हाईटेक बस स्टैंड और चौपाटी जैसे प्रोजेक्ट का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शहर के विकास को गति देने के लिए वे आगे भी महापौर के साथ मिलकर काम करेंगे।

उनके मुताबिक, पद या जिम्मेदारी में बदलाव के बावजूद शहर के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता बनी रहेगी।

महापौर बोले- जरूरत पड़ने पर विजय मोटवानी से लेंगे काम

महापौर रामू रोहरा ने बताया कि इस संबंध में सर्कुलर जारी किया गया है और व्यवस्था के तहत पिंटू यादव को PWD सभापति का प्रभार सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में विकास कार्यों को जारी रखना और अधूरे कामों को पूरा करना प्राथमिकता है।

महापौर ने विजय मोटवानी को अच्छा पार्षद बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने वार्ड में कई विकास कार्य किए हैं। उन्हें उम्मीद है कि मोटवानी आगे भी अपने वार्ड के विकास के लिए अच्छा काम करते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां जरूरत होगी, वहां विजय मोटवानी की सेवाएं ली जाएंगी।

नगर निगम में हुए इस बदलाव के बाद अब नए PWD सभापति पिंटू यादव की भूमिका और शहर में लंबित विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर नजर रहेगी।

Back to top button