धरमजयगढ़ में ढाबा संचालक से मारपीट की शिकायत, प्रधान आरक्षक निलंबित और आरक्षक लाइन अटैच
रायगढ़, 25 सितंबर। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में ढाबा संचालक की शिकायत के बाद पुलिस विभाग ने अपने ही दो कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। बिहारी ढाबा के संचालक मोंटू गुप्ता ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट और अशोभनीय व्यवहार का आरोप लगाते हुए एसएसपी कार्यालय में शिकायत की थी। मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी को निलंबित कर दिया गया है, जबकि आरक्षक विजय राठिया को पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
एसएसपी को दी थी लिखित शिकायत
पुलिस के अनुसार, मोंटू गुप्ता ने 24 सितंबर को रायगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसएसपी शशि मोहन सिंह को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 23 सितंबर की रात प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी सहित अन्य पुलिसकर्मी उसके ढाबे पर पहुंचे थे और वहां विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की गई।
शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ की और शिकायतकर्ता का पक्ष भी सुना।
एक पुलिसकर्मी निलंबित, दूसरा लाइन अटैच
प्रारंभिक परीक्षण में प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी के खिलाफ कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता प्रथम दृष्टया सामने आने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
वहीं, आरक्षक विजय राठिया के खिलाफ ढाबा संचालक के साथ अशोभनीय आचरण किए जाने की बात प्रथम दृष्टया सामने आने पर उन्हें रक्षित केंद्र पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
प्राथमिक जांच के बाद आगे होगी कार्रवाई
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसएसपी ने एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी को प्राथमिक जांच के निर्देश दिए हैं। उनसे पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
