धरमजयगढ़ में भीषण सड़क हादसा: बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में 15 यात्री घायल

धरमजयगढ़ के रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र के अंतर्गत तेजपुर के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नारायणपुर से रायगढ़ आ रही द्विवेदी यात्री बस और सामने से आ रहे एक ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में करीब 15 यात्री घायल हो गए हैं।

राहत और बचाव कार्य, गंभीर घायलों को किया गया रेफर

घटना की सूचना मिलते ही रैरूमा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 7 यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए पत्थलगांव सिविल अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य 8 घायलों का उपचार धरमजयगढ़ अस्पताल में जारी है। वहीं, मामूली रूप से चोटिल कुछ यात्री प्राथमिक उपचार के बाद अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

घायलों के नाम और पुलिस जांच

हादसे में घायल होने वाले यात्रियों में अमित एक्का (20), माधुरी दास (16), सरस्वती दास (35), सुकान्ति वैष्णव (35), मंजीता टोप्पो (30), अरविन्द दास (20), सुचिता एक्का (35), विजय एक्का (42), अमित जेरी टोप्पो (42), अयोध्या विश्वकर्मा (48), अमर साय राम (64), दयामनी देवी (55) और सुरेन्द्र यादव (55) शामिल हैं। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार तथा लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Back to top button