
बलौदाबाजार में खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई : होटल को नोटिस, डेयरी से नमूने जब्त
बलौदाबाजार, 25 अप्रैल 2026। जिले के भाटापारा और दामाखेड़ा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा टीम ने औचक निरीक्षण अभियान चलाते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान स्वच्छता में कमी पाए जाने पर एक होटल को नोटिस जारी किया गया, जबकि डेयरी उत्पादों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
होटल में मिली गंदगी, जारी किया गया नोटिस
खाद्य सुरक्षा टीम ने दामाखेड़ा स्थित साहू होटल एंड स्वीट्स का निरीक्षण किया, जहां खाद्य पदार्थ खुले में रखे हुए पाए गए और फ्रिज में गंदगी मिली। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 55 के तहत होटल संचालक को नोटिस जारी किया गया है।
डेयरी प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण
भाटापारा शहर में आयुष डेयरी और पटेल डेयरी, दतरेंगी का भी औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान पटेल डेयरी से मलाई क्रीम का नमूना लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
पहले भी सामने आ चुकी हैं अनियमितताएं
खाद्य विभाग के अनुसार, पूर्व में जांच के लिए भेजे गए नमूनों में अविनाश पोहा इंडस्ट्रीज के पैक्ड पोहा और शीतल इंडस्ट्रीज के पैक्ड बेसन को पोषण संबंधी जानकारी अधूरी होने के कारण मिथ्याछाप (Misbranded) घोषित किया गया था।
लेबलिंग नियमों का पालन जरूरी
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लेबलिंग एवं डिस्प्ले रेगुलेशन 2020 के अनुसार सभी पैक्ड खाद्य उत्पादों में पोषण संबंधी पूरी जानकारी देना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा टीम ने सभी संचालकों को स्वच्छता और मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


