बस्तर: बस स्टैंड से 8.08 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, रायपुर ले जाने की थी तैयारी
ओडिशा से लाया गया गांजा रायपुर में बेचने की थी योजना, 4.04 लाख रुपये का मादक पदार्थ जब्त
बस्तर। जिले की बोधघाट थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जगदलपुर बस स्टैंड से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8.08 किलोग्राम गांजा और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 4 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर जगदलपुर बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर 28 जून को पुलिस टीम ने बस स्टैंड स्थित आम पेड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
बैग की तलाशी में मिला गांजा
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुकड़ा धुरवा, निवासी केंदुगुड़ा नदीपारा, थाना व्यापारीगुड़ा, जिला कोरापुट (ओडिशा) बताया। उसके लाल-सफेद रंग के बैग की तलाशी लेने पर 8.08 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही उसके पास से 700 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
रायपुर में बिक्री की थी तैयारी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में बिक्री के उद्देश्य से उसका परिवहन करने की तैयारी में था। हालांकि, वह गांजा रखने या परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर 29 जून को विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नशे के कारोबार पर जारी रहेगा अभियान
बस्तर पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


